रोम मेरा पसंदीदा शहर है: लारा दत्ता

  • Sharebar

अक्षय कुमार को अपना आइडियल बताने वाली लारा दत्ता अगली फिल्म हाउसफुल में उनकी को स्टार हैं. इस फिल्म को लेकर उन्हें काफी उम्मीदें हैं. अपनी फिल्मों, निजी ज़िंदगी और शौक़ के बारे में उन्होंने पिछले दिनों चौथी दुनिया की संवाददाता रीतिका सोनाली सेखुलकर बातचीत की. पेश हैं प्रमुख अंश:

हाउसफुल की शूटिंग के दौरान की कुछ यादें, जो आप शेयर करना चाहती हों.

हाउसफुल की शूटिंग इटली के दक्षिणी क्षेत्र पुगलिया में हो रही थी. इस दौरान दो-तीन दिनों की छुट्टी मिली तो मैंने अपने दोस्त क्लाराबेल एवं को-स्टार रीतेश के साथ रोम जाकर घूमने की योजना बनाई. आर्किटेक्चर का स्टूडेंट होने की वजह से रीतेश को रोम देखने की इच्छा थी और रोम मेरी पसंदीदा जगहों में भी शामिल है, इसलिए हम लोग वहां घूमने गए. वहां की संस्कृति को जानना, ख़ूबसूरत प्राचीन पिआज्जा गेट एवं त्रेवा फाउंटेन आदि देखना काफी रोमांचकारी रहा. एक आश्चर्यजनक बात जो मुझे अच्छी लगी, वह यह कि रोम में कार चलाकर घूमने पर पाबंदी है. अगर आप दूसरे शहर से कार लेकर आए हैं, फिर भी वहां उसे चला नहीं सकते. अपने पसंदीदा शहर रोम को काम के दौरान देखना काफी अच्छा लगा. वहां की सैर याद करके मैं सबसे ज़्यादा ख़ुश होती हूं.

इंडस्ट्री में आपका सफर कैसा रहा?

मैंने बंगलुरू से आकर बॉलीवुड में अपनी जगह बनाने की भरपूर कोशिश की और यह कोशिश बहुत हद तक सफल भी रही. मैंने एंट्री के व़क्त सोचा भी नहीं था कि इस इंडस्ट्री में जहां स्टारपुत्रों एवं पुत्रियों की धूम है, अपने क़दम जमा सकूंगी. बांबे डाइंग, सियाराम, सिनर्जी और लॉरियल के विज्ञापन में आने के साथ मैंने अपनी पढ़ाई भी जारी रखी. उस दौरान मैं अर्थशास्त्र में स्नातक कर रही थी और मॉडलिंग असाइनमेंट भी पूरे कर रही थी. मेरे करियर में यू टर्न तब आया, जब मैंने शहाब दुराजी, रोहित बल एवं रितु बेरी आदि बड़े डिज़ाइनरों द्वारा आयोजित फैशन शो में रैंप पर कैटवॉक किया. मिस यूनिवर्स का ताज जीतने के बाद मैं यूएनएफपीए की गुडविल एंबेसडर बनी और मैंने लगातार एक साल तक 68 देशों में घूमकर एड्‌स के प्रति जागरूकता फैलाई. इस दौरान मैंने मशहूर विदेशी डिज़ाइनरों के साथ फैशन शो किया. दो सालों तक न्यूयॉर्क में रेडियो शो होस्ट किया. इसके बाद भारत आने पर बॉलीवुड में क़दम रखा और अब मैं सफलता की ओर बढ़ रही हूं. सच कहूं तो मुझे यह सब सपनों के सफर जैसा लगता है.

एक्टिंग के अलावा क्या शौक़ हैं?

एक्टिंग के अलावा मुझे डांस का शौक़ है. मैं प्रशिक्षित भरतनाट्यम और कत्थक नृत्यांगना हूं. खाली व़क्त में हॉर्स राइडिंग, ड्राइविंग और डांसिंग मुझे बेहद पसंद है. मुझे घूमने का भी शौक है. लंबी छुट्टियां मनाने के लिए मैं जैसलमेर, मालदीव, बारसेलोना, हवाई और भूटान जाना पसंद करती हूं. मुझे एडवेंचरस स्पोट्‌र्स भी पसंद हैं.

ख़ुद को मेंटेन कैसे करती हैं?

मैं प्रतिदिन एक्सरसाइज़ करती हूं, पर कभी-कभी अपना पसंदीदा खाना लेती हूं. मुझे दाल मक्खनी, बिरयानी, थाई और इटैलियन खाना पसंद है.

एवरी डे रूटीन में कुछ ख़ास चीजें, जो आपको पसंद हों…

मैं तकनीक पसंद हूं. मेरे पसंदीदा गैजेट्‌स आई पॉड, आई फोन, मैक नोटबुक, पीएसपी एवं ड्राइव मीटर हैं, जो हमेशा मेरे साथ रहते हैं. मुझे कार और बाइक भी रखने का शौक़ है. मेरी पसंदीदा कार एसटॉन मार्टिन कंवर्टिबल, ओल्ड वोक्सवैगन बीटल, पोर्क कायने, रेंज रोवर एवं मिनी कुपर हैं और बाइक्स में डुकाट्टी स्पोर्ट और हार्ले डेविडसन पसंद हैं. मुझे पारंपरिक साड़ी अच्छी लगती है और वेस्टर्न फिटिंग गाउन एवं ब्लू जींस भी. मेरा पसंदीदा रंग भारत में शुभ माना जाने वाला लाल है.

चौथी दुनिया के लेखों को अपने ई-मेल पर प्राप्त करने के लिए नीचे दिए गए बॉक्‍स में अपना ईमेल पता भरें::

Leave a Reply

कृपया आप अपनी टिप्पणी को सिर्फ 500 शब्दों में लिखें