संसद के सेंट्रल हॉल में स्व. चंद्रशेखर के चित्र का अनावरण

  • Sharebar

चार मई को संसद के सेंट्रल हॉल में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चंद्रशेखर के चित्र का अनावरण किया गया. अनावरण उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी के हाथों संपन्न हुआ. इस मौक़े पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री जयपाल रेड्डी, लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, भाजपा संसदीय दल के अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व सांसद कमल मोरारका, सीपीआई नेता डी राजा समेत विभिन्न पार्टियों के कई नेता मौजूद थे. स्व. चंद्रशेखर का जन्म एक जुलाई 1927 को उत्तर प्रदेश के बलिया ज़िले में हुआ था. उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एमए की डिग्री हासिल की. वह छात्र जीवन के दौरान ही समाजवादी आंदोलन में शामिल हो गए और प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के सदस्य बने. 1965 में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ सैद्धांतिक मतभेदों के चलते आपातकाल के दौरान उन्हें जेल में बंद कर दिया गया. जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता छोड़ दी. बाद में भारत की हालत को नज़दीक से समझने के लिए उन्होंने देश भर की पदयात्रा की, जो काफी सफल रही. भारतीय राजनीति में युवा तुर्क के नाम से मशहूर चंद्रशेखर 1962 से 1967 तक राज्यसभा के सदस्य रहे. फिर लोकसभा के सदस्य बने और उन्होंने आठ बार बलिया संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया. विश्वनाथ प्रताप सिंह के इस्ती़फे के बाद 10 नवंबर 1990 से 21 जून 1991 तक वह देश के प्रधानमंत्री रहे. 8 जुलाई 2007 को 80 साल की उम्र में उनका देहावसान हो गया.

चौथी दुनिया के लेखों को अपने ई-मेल पर प्राप्त करने के लिए नीचे दिए गए बॉक्‍स में अपना ईमेल पता भरें::

Leave a Reply

कृपया आप अपनी टिप्पणी को सिर्फ 500 शब्दों में लिखें