बॉलीवुड में हॉलीवुड या दूसरी विदेशी फिल्मों के अलावा टॉलीवुड की फिल्मों का रीमेक बनाने की परपंरा पुरानी है. अच्छी बात यह है कि इन फिल्मों को बॉक्स आफिस पर पसंद भी खूब किया जाता रहा है. ऐसे ही अक्षय कुमार स्टारर फिल्म खट्टा-मीठा भी वर्ष 1989 में आई हिट मलयालम फिल्म वेल्लानाकालुड़ी नाडु का हिंदी रीमेक है. प्रियदर्शन निर्देशित इस फिल्म में अक्षय के अलावा तृषा कृष्नन, अरूणा ईरानी, जॉनी लीवर, असरानी, मकरंद देशपांडे, राजपाल यादव हैं. फिल्म की स्टार कास्ट से ही इस फिल्म के फ्लेवर का पता चलता है, उस पर प्रियदर्शन का निर्देशन इस बात को पुख्ता करता है कि खट्टा मीठा कॉमेडी जॉनर की फिल्म है. बी-टाउन के बड़े हास्य कलाकारों को एक साथ इस फिल्म में देखना अच्छा अनुभव होगा, अगर उन्होंने अपना काम ईमानदारी से किया होगा. कहानी कुछ यूं है कि संघर्षरत रोड कॉन्ट्रेक्टर सचिन तिचकुले बड़े-बड़े सपने देखता है लेकिन उस सपने पूरे नहीं हो पाते क्योंकि वह रिश्वत में विश्वास नहीं रखता. हद तो तब होती है जब सचिन शहर आता है, उसी शहर में उसकी एक्स गर्लफ्रेंड तृषा मेनन नई म्यूनिसिपल कमिश्नर की पोस्ट पर आती है. अक्षय से ब्रेक-अप के बाद तृषा अक्षय से ऩफरत करती है. सचिन अपने रास्ते पर चलते हुए अजीबो-ग़रीब हालातों से गुज़रता है, इसमें काफी हास्यासपद घटनाएं पैदा होती हैं. जैसा कि प्रियदर्शन की अधिकतर फिल्म में किसी भी एक सिचुएशन पर हंसी और व्यंग का तड़का होता है. फिल्म में कॉमेडी ट्रीटमेंट के साथ सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी को भी दिखाया गया है. साथ ही यह दर्शाया गया है कि सिस्टम में टिकने के लिए चतुर होने की जरूरत है. फिल्म का संगीत प्रीतम ने दिया है. वैसे इस फिल्म के गाने पर विवाद पहले ही खड़ा हो चुका है. बॉलीवुड की फिल्मों में ब़ढते अपशब्द के इस्तेमाल के ट्रेंड को फॉलो करते हुए इस फिल्म के एक गीत में जमकर गाली का इस्तेमाल किया गया है. गणेश आचार्य द्वारा कोरियोग्राफ किए गए इस गीत में अंग्रेजी गाली बुल शिट का इस्तेमाल हुआ है, इस गाने में सिस्टम के खिला़फ भावनाओं को प्रदर्शित किया गया है. इससे देश के कुछ नेताओं को लगता है कि उनकी छवि खराब हुई है, इसलिए गीत के बोल में से उस शब्द को हटाने का आदेश सेंसर बोर्ड द्वारा दिया जा चुका है. हालांकि प्रियदर्शन और अक्षय कुमार मानते हैं कि बुलशिट जैसी गाली आम है और मर्यादा की सीमा में है. हर फिल्म के साथ इनदिनों कंट्रोवर्सी आम है, देखते हैं इस कंट्रोवर्सी के बाद 23 जुलाई को रिलीज हो रही यह फिल्म क्या कमाल दिखाती है.
|
|
|