राष्ट्रमंडल खेल खत्म हो गए हैं. इन खेलों पर जो पैसा ख़र्च हुआ है, वह हमारा-आपका पैसा था. अगर यह पैसा करों के रूप में न वसूला गया होता तो हम-आप इसे अपने परिवार के लिए कई तरह की सुविधाएं और सामान जुटाने पर ख़र्च कर सकते थे, इसे अपने क्षेत्र, अपने गांव या शहर की बेहतरी पर ख़र्च कर सकते थे. सरकार ने देश का विकास करने के नाम पर हमसे वह पैसा करों के रूप में लिया और हुआ क्या? हम लोग सब्ज़ी वाले, दूध वाले और रिक्शे वाले को दिए गए एक-एक रुपये का हिसाब-किताब करते हैं. यहां तक कि अपने बच्चों को पैसा देते हैं तो उनसे भी हिसाब पूछते हैं. ऐसे में क्या अपनी मेहनत के अरबों रुपये की चोरी पर सवाल नहीं उठाएंगे? क्या स़िर्फ जांच समिति, सीवीसी और सीबीआई के सहारे बैठे रहेंगे? इन खेलों में हुए घपलों की जांच सरकार के स्तर पर की जा रही है, लेकिन एक जांच देश की जनता को भी करनी चाहिए. सूचना के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए हम सबको यानी देश के अधिक से अधिक लोगों को सवाल उठाने होंगे. यहां हम कुछ ऐसे ही सवाल प्रकाशित कर रहे हैं, ताकि आप इस मुद्दे पर अधिक से अधिक सवाल पूछ सकें.
गाड़ियों पर हुआ ख़र्च
1. 25 सितंबर से 15 अक्टूबर तक कॉमनवेल्थ आर्गेनाइज़ेशन कमेटी के पास कुल कितनी गाड़ियां रहीं?
2. इस बारे में निम्न विवरण भी उपलब्ध कराएं:
(क) उपरोक्त में से कितनी गाड़ियां किराए पर ली गई थीं?
(ख) कितनी गाड़ियां समिति की अपनी थीं?
(ग) कितनी गाड़ियां किसी अन्य विभाग या संस्था की ओर से उपलब्ध थीं?
3. उपरोक्त गाड़ियों की सूची निम्न विवरण के साथ उपलब्ध कराएं:
(क) वाहन का प्रकार (बस, कार इत्यादि)
(ख) वाहन रजिस्ट्रेशन संख्या.
4. 25 सितंबर 2010 से 15 अक्टूबर 2010 के बीच प्रत्येक गाड़ी कितने-कितने किलोमीटर चली?
स्वास्थ्य सेवाएं
1. कॉमनवेल्थ विलेज में कुल कितने चिकित्सा अथवा स्वास्थ्य केंद्र बनाए गए थे?
2. कुल कितने लोगों ने इन केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लिया?
3. इन केंद्रों के परिचालन पर कुल कितनी राशि ख़र्च की गई?
4. इन केंद्रों पर कुल कितने चिकित्साकर्मी तैनात किए गए?
5. इन केंद्रों से कुल कितने लोगों को आगे इलाज के लिए किसी अन्य अस्पताल में स्थानांतरित किया गया?
उद्घाटन समारोह के टिकट
1. कॉमनवेल्थ खेलों के उद्घाटन समारोह में टिकटों की बिक्री से कुल कितनी राशि प्राप्त हुई?
2. उद्घाटन समारोह के लिए मूल्य के आधार पर कुल कितने प्रकार की टिकट श्रेणियां (स्लैब) बनाई गईं?
3. इनमें से प्रत्येक श्रेणी का विवरण निम्न जानकारी के साथ दें:
(क) टिकट दर.
(ख) प्रत्येक श्रेणी में बिक्री के लिए उपलब्ध कुल टिकटों की संख्या.
(ग) प्रत्येक श्रेणी में बिके कुल टिकटों की संख्या.
(घ) प्रत्येक श्रेणी में टिकटों की बिक्री से अर्जित राशि.
4. उद्घाटन समारोह के दौरान स्टेडियम में कुल कितने लोगों के बैठने की व्यवस्था थी?
5. उपरोक्त में से कुल कितनी सीटें टिकट बिक्री के ज़रिए उपलब्ध कराने की व्यवस्था थी?
इसी प्रकार समापन समारोह के टिकटों के बारे में भी सवाल पूछे जा सकते हैं.
विज्ञापनों पर हुआ ख़र्च
कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजन समिति द्वारा एक अप्रैल 2010 से लेकर इस पत्र का जवाब दिए जाने तक विभिन्न समाचारपत्रों, पत्रिकाओं एवं समाचार चैनलों को दिए गए विज्ञापनों के संबंध में निम्नलिखित सूचनाएं उपलब्ध कराएं:
1. इस दौरान समिति द्वारा विज्ञापनों पर कुल कितनी राशि ख़र्च की गई?
2.समिति द्वारा विज्ञापन देने का कार्य किन एजेंसियों के माध्यम से कराया गया? उनके संबंध में निम्नलिखित सूचनाएं दें:
(क) एजेंसी का नाम.
(ख) एजेंसी को भुगतान की गई राशि.
3. आयोजन समिति ने बगैर विज्ञापन एजेंसी के कितनी राशि के विज्ञापन सीधे जारी किए?
4. प्रत्येक एजेंसी अथवा समिति द्वारा सीधे समाचार माध्यमों को जारी किए गए विज्ञापनों के संबंध में निम्नलिखित विवरण उपलब्ध कराएं:
(क) विज्ञापन का विषय/नाम.
(ख) विज्ञापन प्रकाशित/प्रसारित होने की तारीख.
(ग) जिस कंपनी, अखबार, पत्रिका या टेलीविजन चैनल को विज्ञापन दिया गया, उसका नाम एवं पता.
(घ) विज्ञापन के लिए भुगतान की गई राशि, भुगतान का माध्यम नकद, चेक या कोई अन्य, विवरण दें. (यदि भुगतान चेक से किया गया हो तो चेक नंबर दें, यदि नकद या किसी अन्य माध्यम से किया गया हो तो प्राप्ति रसीद की प्रति दें.)
(यही सवाल दिल्ली सरकार से भी पूछे जाने हैं)
|
|
|









