फिल्म सात खून मा़फ रस्किन बांड की कहानी सुसानाज सेवन हस्बेंड्स पर आधारित है. प्रियंका चोपड़ा ने इसमें एक ऐसी महिला का किरदार निभाया है, जो उम्र के अलग-अलग पड़ावों पर सात शादियां करती हैं, क्योंकि उसके पतियों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो जाती है. प्रियंका को एक चैलेंजिंग किरदार निभाने को मिला है और कमीने के बाद विशाल के साथ यह उनकी दूसरी फिल्म है. सुसाना एना मेरी जोहानेस (प्रियंका चोपड़ा) एक ऐसी ख़ूबसूरत महिला है, जिसे पाने के लिए हर आदमी किसी भी हद तक जा सकता है. पिछले 35 वर्षों में उसने सात बार विवाह रचाया, क्योंकि उसके आधा दर्जन पतियों की असामयिक और रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई. शक की सुई प्रमुख रूप से सुसाना की ओर है.
ख़ूबसूरत और युवा सुसाना ने पहली शादी एडविन रॉडि्क्स (नील नितिन मुकेश) से की थी, जो एक मेजर था. मेजर के प्यार में वह लट्टू हो गई थी, हालांकि मेजर और उसकी उम्र में ज़्यादा फासला था. यूनिफॉर्म में मेजर बेहद हैंडसम ऩजर आता था और वह हमेशा हुक्म देना पसंद करता था, लेकिन सुसाना तो प्यार में अंधी थी. दूसरी बार सुसाना ने जिमी स्टेट्सन (जॉन अब्राहम) से शादी की. दिखने में जिमी बहुत आकर्षक था. संगीत का वह जादूगर था और इसी वजह से सुसाना उसकी ओर खिंची चली गई, लेकिन उसे नहीं पता था कि आगे उसके जीवन में क्या घटने वाला है. कविताएं सुसाना को बहुत पसंद हैं और इसी कारण उसने वसीउल्लाह ख़ान (इरफान ख़ान) से ब्याह रचाया. वसीउल्लाह उर्फ मुसाफिर रोमांटिक किस्म का इंसान था. दिन में दिल को छू लेने वाली उम्दा कविताएं हुईं और रात में कुछ और ही घटित हो गया. सुसाना की उम्र बढ़ रही थी, लेकिन समझदारी नहीं. मास्को के निकोलई व्रोंस्की (एलेक ड्याचेंको) के साथ उसने अगली शादी की. इन सारे पतियों की मौत के बाद पुलिस को इस केस में मज़ा आने लगा, ख़ासतौर पर ऑफिसर क़ीमत लाल (अन्नू कपूर) को. वह सुसाना की कुछ ज़्यादा ही मदद करने लगा और शादी के लिए दबाव डालने लगा. उसने ऐसी स्थितियां पैदा कर दीं कि सुसाना न नहीं कह सकती थी. क़ीमत लाल के बाद डॉ. मधुसूदन तरफदार (नसीरूद्दीन शाह) की बारी थी. मधुसूदन के जाने के बाद सुसाना ने सातवीं शादी की, अपनी बेहतरी के लिए. क्या ये सारे पति मर जाने के काबिल थे? क्या इनकी हत्या करना आवश्यक था या इनकी हत्याएं ख़ूनख़राबे का खेल खेलने के लिए की गई थीं? क्या सुसाना को कभी सच्चा प्यार मिल सका? इन प्रश्नों के उत्तर मिलेंगे सात खून मा़फ में.
संगीतकार से निर्देशक बने विशाल भारद्वाज की गिनती वर्तमान के प्रतिभाशाली निर्देशकों में होती है. वह कहानियों का चुनाव लीक से हटकर करते हैं और उन्हें अपने मुताबिक़ स्क्रीन पर पेश करते हैं. उनकी फिल्मों का ट्रीटमेंट, अभिनय और संगीत हमेशा उल्लेखनीय रहता है. विशाल भारद्वाज की फिल्म में न केवल खुले संवाद, बल्कि बोल्ड सीन भी होते हैं. उनके द्वारा निर्देशित यह फिल्म चर्चित फिल्मों में से एक है, जो आगामी 18 फरवरी को रिलीज होगी.
|
|
|