इंटरनेट पर लोग प्लैंकिंग से जुड़ी तस्वीरें अपलोड करते हैं. ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, इंटरनेट के एक अजीब खेल के चलते एक इमारत की सातवीं मंज़िल से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई. यह व्यक्ति प्लैंकिंग नामक खेल खेल रहा था और इसके चलते उसने बालकनी की रेलिंग पर ख़तरनाक परिस्थितियों में लेटकर फोटो खिंचवाने की कोशिश की. ग़ौरतलब है कि इंटरनेट एवं कुछ सोशल नेटवर्किंग बेवसाइट्स पर इन दिनों प्लैंकिंग का जुनून छाया है. यह एक अजीब शौक़ है, जिसके तहत लोग ख़तरनाक परिस्थितियों और जगहों पर लेटकर अपनी फोटो खिंचवाते हैं और उन्हें सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट पर अपलोड करते हैं. इंटरनेट पर अपलोड की गई तस्वीरों में लोगों को चिमनी, लिफ्ट, ऊंट और कई ख़तरनाक जगहों पर लेटा हुआ देखा जा सकता है. फेसबुक पर बने एक ऐसे ही अकाउंट में 90 हज़ार से ज़्यादा लोगों ने इस तरह खतरों से खेलने में अपनी रुचि ज़ाहिर की है. पुलिस के मुताबिक़, ब्रिसबेन में रहने वाला यह 20 वर्षीय युवक भी सातवीं मंज़िल पर मौजूद अपने घर की बालकनी में रेलिंग पर लेटकर अपने दोस्त के ज़रिए फोटो खिंचवा रहा था. क्वींसलैंड के पुलिस उपायुक्त रॉस बारनेट के मुताबिक, सुबह हमने देखा कि एक युवक ने प्लैंकिंग के अपने शौक़ को एक कदम आगे ले जाते हुए बालकनी जैसी खतरनाक जगह पर इस खेल को खेला. रॉस के मुताबिक़, प्लैंकिंग का जुनून जैसे-जैसे बढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे लोगों के इसका शिकार होने का ख़तरा भी बढ़ रहा है.
|
|
|









