अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि का जन्म वर्तमान झारखंड प्रांत के सिंदरी नामक शहर में 16 नवंबर को हुआ था. वैसे तो मीनाक्षी मूलत: तमिलनाडु से हैं, परंतु उनके पिता सिंदरी स्थित उर्वरक कारखाने में कार्यरत थे, इसलिए उनका परिवार इसी शहर में बस गया था. ख़ूबसूरती और नृत्य का जो संगम मीनाक्षी ने पर्दे पर पेश किया, उसकी नींव बचपन में रखी गई थी. चार साल की उम्र से ही उन्होंने मंच पर भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी. हालांकि उन्हें यह मालूम नहीं था कि आगे चलकर यही परफार्मेंस उन्हें सिल्वर स्क्रीन की तऱफखींच ले जाएगा. उन्होंने भरतनाट्यम, कत्थक एवं ओड़िसी जैसे भारतीय नृत्यों की विधिवत शिक्षा प्राप्त की. 1981 में मिस इंडिया बनीं मीनाक्षी के फिल्मी करियर की शुरुआत हुई हिंदी फिल्म पेंटर बाबू से, जिसमें उनके साथ थे मनोज कुमार के भाई राजीव गोस्वामी. इसके बाद सिल्वर स्क्रीन पर जादू बिखेरने की जो अदा मीनाक्षी ने अपनाई, उसने लोगों को उनका कायल बना दिया. हीरो, मेरी जंग, विजय, शहंशाह, घायल, दामिनी एवं डुएट जैसी लाजवाब फिल्मों ने उनकी कामयाबी की दास्तान लिखी. 15 साल के करियर में उन्होंने लगभग 80 फिल्मों में काम किया. मीनाक्षी ने नृत्य का शौक बरक़रार रखा. 2006 में 50 साल की उम्र में पुणे के एक उत्सव में ख़ूबसूरत नृत्य पेश किया. मीनाक्षी के जीवन में यू-टर्न तब आया, जब उनकी एक ख़ास सहेली ने उन्हें किसी पार्टी के दौरान अपने भाई हरीश मायर से मिलवाया. पार्टी के बाद मीनाक्षी हरीश से मिलने लगीं. अमेरिका में इंवेस्टमेंट बैंकर के पद पर काम कर रहे हरीश मीनाक्षी के दिल में बस गए और फिर दोनों परिणय सूत्र में भी बंध गए. परिवार को महत्व देने वाली मीनाक्षी ने पति के साथ टेक्सास में रहने का फैसला कर लिया और अपने फिल्मी सफर को विराम दे दिया. टेक्सास जाकर उनकी ज़िंदगी बदल गई. ड्राइविंग से भय खाने वाली मीनाक्षी ने वहां पहुंच कर सबसे पहले कार चलाना सीखा. हरीश के प्यार एवं सहयोग ने वहां की दूसरी परेशानियों से पार पाने में मदद की. इस बीच मीनाक्षी ने दो प्यारे बच्चों को जन्म दिया. मीनाक्षी सुपर मॉम बनकर टेक्सास की सड़कों पर कार भी चलाती हैं और अपनी बेटी एवं बेटे को उनके हॉबी क्लासेस-स्कूल आदि ले जाती हैं. मीनाक्षी ने पति के सहयोग से अपने शौक पर भी ध्यान दिया और अमेरिका में एक डांसिंग स्कूल की शुरुआत की, जहां वह अपने सपनों को आकार दे रही हैं. फिल्म इंडस्ट्री की तऱफ वापसी का विचार उनका नहीं है, क्योंकि परिवार उनकी पहली प्राथमिकता है, लेकिन इंडस्ट्री में उनके योगदान को कभी कम नहीं आंका जा सकता. उनकी इसी उपलब्धि पर फिल्म निर्माता मार्गेट स्टीफंस दो घंटे की म्यूजिकल ड्रॉक्यूमेंट्री तैयार कर रहे हैं.
|
|
|









