पाठकों के पत्र समस्या और सुझाव

  • Sharebar

शहर हो या गांव, सरकारी विभागों को लेकर हर आदमी की परेशानी एक सी होती है. कभी बिजली विभाग, कभी जल विभाग, कभी टेलीफोन विभाग. चूंकि इन सभी विभागों से आपका साबका पड़ता है और जब कोई काम समय से न हो रहा हो, तब परेशान होना स्वाभाविक है. इसके अलावा कभी आपके मुहल्ले या मुख्य सड़क की खुदाई करके सरकारी विभाग उसका कबाड़ा कर देते हैं, ट्रांसफॉर्मर ख़राब हुआ तो महीनों तक ठीक नहीं होता, बुज़ुर्गों को पेंशन के लिए दौड़ाया जाता है और कभी-कभी तो सालों तक आपका काम अटका रह जाता है. एक ज़िम्मेदार और जागरूक नागरिक होने के नाते आप यह सब ज़रूर जानना चाहेंगे कि आख़िर इस मर्ज की दवा क्या है? इस अंक में हम एक ऐसा आरटीआई आवेदन का प्रारूप प्रकाशित कर रहे हैं, जिसका इस्तेमाल आप अपने ज़्यादातर सवालों का जवाब पाने के लिए कर सकते हैं. इस अंक में हम अपने पाठकों के कुछ पत्र भी शामिल कर रहे हैं. हमें उम्मीद है कि आप सभी इस आवेदन का इस्तेमाल करेंगे, साथ ही पाठकों के पत्रों से भी लाभांवित होंगे.

पाठकों के पत्र

सादे काग़ज़ पर आवेदन

क्या हम सादे काग़ज़ पर आरटीआई आवेदन और प्रथम अपील तैयार कर सकते हैं, क्योंकि सूचना फॉर्म में इतनी जगह नहीं होती है कि वांछित सवाल पूछे जा सकें. सादे काग़ज़ पर आवेदन कैसे बनाया जा सकता है?

-सत्य प्रकाश, ई-मेल से.

सादे काग़ज़ पर आवेदन बनाया जा सकता है. हालांकि कुछ राज्य सरकारों ने इसके लिए सूचना फॉर्म की व्यवस्था की है, फिर भी आप सादे काग़ज़ पर आवेदन दे सकते हैं. इसमें पहले लोक सूचना अधिकारी का नाम, विभाग का नाम, विषय में सूचना का अधिकार क़ानून 2005 के तहत आवेदन लिखकर आप अपने सवाल पूछ सकते हैं. नीचे अपना नाम और पता अवश्य दें.

पता कैसे मालूम करें

मैंने डीडीए में आरटीआई आवेदन किया था और अपने प्लॉट के अधिग्रहण के बारे में सवाल पूछे थे, लेकिन यह कहते हुए आवेदन लौटा दिया गया कि इसमें पता ग़लत है. क्या करना चाहिए?

-नीरज कादयान, दिल्ली.

सभी सरकारी विभागों में एक लोक सूचना अधिकारी होता है. आपको लोक सूचना अधिकारी का नाम जानने की ज़रूरत नहीं है. सही पता आप इंटरनेट के ज़रिए मालूम कर सकते हैं.

पंचायत से जुड़ी सूचना चाहिए

मैं पंचायत से जुड़ी जानकारी चाहता हूं. ख़ासकर मनरेगा और पंचायत का वार्षिक बजट. मैं पहली बार आरटीआई का इस्तेमाल करने जा रहा हूं. आरटीआई आवेदन कैसे किया जाता है.

-खेमराज संखला, चौखान, जोधपुर.

आप एक आरटीआई आवेदन तहसील कार्यालय में देकर सारी सूचनाएं मांग सकते हैं. आप जो भी सूचनाएं चाहते हैं, उनसे जुड़े सवाल अपने आवेदन में लिखें और तय सूचना शुल्क के साथ इसे कार्यालय में जमा कर दें. आप चौथी दुनिया के नियमित आरटीआई कॉलम से आवेदन का प्रारूप ले सकते हैं.

एलपीजी कनेक्शन नहीं मिला

मैंने एलपीजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया था. छह महीने बीत गए, लेकिन कुछ नहीं हुआ. न जवाब मिला और न कनेक्शन. क्या मैं इस संबंध में आरटीआई का इस्तेमाल कर सकता हूं.

-रवि असरानी, ई-मेल से.

जी हां, आप एक आरटीआई आवेदन देकर देरी की वजह और अपने पत्र पर की गई कार्यवाही के बारे में पूछ सकते हैं.

चौथी दुनिया के लेखों को अपने ई-मेल पर प्राप्त करने के लिए नीचे दिए गए बॉक्‍स में अपना ईमेल पता भरें::

Leave a Reply

कृपया आप अपनी टिप्पणी को सिर्फ 500 शब्दों में लिखें