राफेल नडाल की बदौलत डेविस कप का खिताब पांचवीं बार स्पेन के नाम रहा. स्पेन के सेविले में मेजबान टीम के स्टार खिलाड़ी नडाल ने अर्जेंटीना के जुआन मार्टिन डेल पोत्रो को एक रोमांचक मुक़ाबले में 1-6, 6-4, 6-1, 7-6 से मात देते हुए अपनी टीम को 3-1 की अपराजेय बढ़त दिला दी. स्पेन ने इससे पहले 2000, 2004, 2008 और 2009 में यह खिताब जीता था. स्पेन और अर्जेंटीना के बीच फाइनल में यह दूसरी भिड़ंत थी. पहली भिड़ंत में भी स्पेन विजयी रहा था. वर्ष 2008 में उसने मार डेल प्लाटा (अर्जेंटीना) में खेले गए खिताबी मुक़ाबले में अर्जेंटीना को हराया था. अर्जेंटीना चौथी बार टूर्नामेंट में उपविजेता रहा. इससे पहले वह 1981, 2006 और 2008 में भी खिताब से वंचित रह गया था. स्पेन की टीम फ्रांस को 4-1 से हराकर फाइनल में पहुंची थी, जबकि अर्जेंटीना ने सेमी फाइनल में सर्बिया को 3-2 से हराया था.
|
|
|