अग्निपथ

  • Sharebar

अगर आप 1990 में आई अमिताभ बच्चन की फिल्म अग्निपथ के प्रशंसक हैं तो आपके लिए एक बेहतरीन ख़बर है. जल्द ही आपको इस फिल्म का नया संस्करण देखने को मिलेगा. अमिताभ बच्चन अभिनीत अग्निपथ के निर्माता यश जौहर थे और अब उस फिल्म का नया संस्करण उनके पुत्र करण जौहर बना रहे हैं. पिता की बनाई अग्निपथ बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा सकी थी. वैसे अमिताभ बच्चन को उसमें अभिनय के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था. उन्होंने विजय दीना नाथ चौहान का किरदार निभाया था. निर्माता करण जौहर की फिल्म में ऋतिक रोशन, संजय दत्त, ऋषि कपूर एवं प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिका में हैं. संजय दत्त और ऋषि कपूर का किरदार निगेटिव है. ऋतिक रोशन एक बार फिर एक्शन और रोमांस करते नज़र आएंगे, वहीं संजय दत्त की परफेक्ट बॉडी देखकर आपको जिम की याद आएगी. फिल्म में ऋषि कपूर कुर्ता, पायजामा, कराकुल टोपी पहने और आंखों में काजल लगाए नज़र आएंगे.

अमिताभ ने बोलने के अंदाज़ और आवाज़ में बदलाव लाकर संवाद बोले थे, जिसके कारण दर्शकों को ज़्यादातर संवाद समझ में नहीं आए थे और बॉक्स ऑफिस पर फिल्म फ्लॉप रही, लेकिन बाद में लोगों ने इस फिल्म को वीडियो एवं टीवी पर देखा और सराहा. यह फिल्म यश जौहर के दिल के बेहद क़रीब थी. इसी बात को ध्यान में रखते हुए करण जौहर लगभग 22 वर्षों के बाद इसका रीमेक लेकर आए हैं, जिसमें थोड़े-बहुत बदलाव किए गए हैं. मांडवा नामक छोटे से गांव में रहने वाले विजय दीना नाथ चौहान (ऋतिक रोशन) को उसके पिता ने आदर्शों, सिद्धांतों और ईमानदारी की शिक्षा दी. विजय की ज़िंदगी में भूचाल तब आ जाता है, जब ड्रग डीलर कांचा (संजय दत्त) उसके पिता को मौत के घाट उतार देता है. अपनी मां के साथ विजय मुंबई पहुंच जाता है. उसकी ज़िंदगी का एक ही उद्देश्य है कि मांडवा लौटकर अपने पिता के नाम पर लगे धब्बे को साफ करना, जो कांचा ने लगाया है. मुंबई में 12 वर्षीय विजय की ज़िंदगी संवारने का ज़िम्मा रऊफ लाला (ऋषि कपूर) लेता है. कांचा तक पहुंचने के लिए विजय कई नियम-क़ानून तोड़ता है. उसके कई रिश्ते बनते और बिगड़ते हैं. विजय को हर क़दम और मोड़ पर उसकी दोस्त काली (प्रियंका चोपड़ा) का समर्थन मिलता है. पंद्रह साल बाद कांचा के प्रति नफरत विजय को मांडवा ले जाती है, जहां दोनों आमने-सामने होते हैं.

चौथी दुनिया के लेखों को अपने ई-मेल पर प्राप्त करने के लिए नीचे दिए गए बॉक्‍स में अपना ईमेल पता भरें::

Leave a Reply

कृपया आप अपनी टिप्पणी को सिर्फ 500 शब्दों में लिखें