नम्रता शिरोडकर : परिवार ही सब कुछ

  • Sharebar

जब-जब भी निजी ज़िंदगी में व्यस्त किसी अभिनेत्री के पास पर्दे पर वापसी का प्रस्ताव गया, ज़्यादातर ने इंकार नहीं किया. ताजातरीन उदाहरण हैं माधुरी दीक्षित नेने, लेकिन एक अभिनेत्री ऐसी भी है, जो प्रशंसकों के दिल में अपनी मुस्कराहट बसाने और उनकी नज़रों की कशिश बनने के बजाय बेटे को अपनी आंखें और पति को अपनी मुस्कान बताती है. फिल्म वास्तव में दमदार अभिनय से सुर्ख़ियों में आईं नम्रता शिरोडकर ने हाल में एक फिल्म में अभिनय करने से इसलिए मना कर दिया, क्योंकि वह अपने बेटे को अधिक व़क्त देना चाहती हैं. नम्रता के दोस्त एवं को-स्टार संजय दत्त ने जब राकेश नाथ के ज़रिए उन्हें एक फिल्म का प्रस्ताव भेजा तो वह काफी ख़ुश हुईं, लेकिन जब अपने बेटे की ओर देखा तो उन्होंने निर्णय बदल लिया. नम्रता अपने बेटे को प्राथमिकता देती हैं और उन्हें उसके साथ समय बिताकर सबसे अधिक ख़ुशी होती है. नम्रता ने 2005 में तेलुगु फिल्मों के सुपर स्टार महेश बाबू से शादी की थी और 2006 में उन्हें एक बेटा हुआ. नम्रता कहती हैं, मेरा बेटा मेरी आंखें और महेश मेरी मुस्कान हैं. ख़बर यह है कि अब जल्द ही नम्रता दोबारा मां बनने वाली हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन याद करें, अपने रिश्ते और शादी की बात भी नम्रता ने काफी बाद में स्वीकार की थी. बाद में उन्होंने इसकी वजह यह बताई थी कि उनके पति महेश बाबू को ओपननेस पसंद नहीं है. नम्रता फिल्म वास्तव की अच्छी वाइफ से रीयल लाइफ की अच्छी वाइफ बनने का सफर तय कर चुकी हैं, लेकिन आश्चर्य यह है कि उन्हें अपने करियर को लेकर कोई अफसोस नहीं है, क्योंकि वह अपने पति के बढ़ते करियर ग्राफ में महत्वपूर्ण रोल अदा करती हैं. पति की स्क्रिप्ट्‌स तय करना, उनकी ड्रेस, फिल्म में उनकी अतिरिक्त ज़रूरतों और उनकी सेहत का ख्याल नम्रता ख़ुद करती हैं. पति के एक हिट से वह उतनी ही ख़ुश होती हैं, जितनी अपनी फिल्म हिट होने पर. पति की फिल्मों में कुछ बेहतर करने के लिए वह बॉलीवुड के दोस्तों से भी मदद और राय-मशविरा लेती हैं. इस तरह उनकी बॉलीवुड के लोगों से दोस्ती भी बरक़रार है. अच्छी बात यह है कि ग्लैमर वर्ल्ड, जहां एक फिल्म हिट या फ्लॉप होने के बाद पति-पत्नी के रिश्ते में बदलाव दिखने लगते हैं, से ताल्लुक होने के बावजूद नम्रता अपनी जड़ों को नहीं भूलीं और उन्होंने पति और परिवार में ही ख़ुशियां तलाशने की कोशिश की. निस्संदेह नम्रता आधुनिक महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं.

चौथी दुनिया के लेखों को अपने ई-मेल पर प्राप्त करने के लिए नीचे दिए गए बॉक्‍स में अपना ईमेल पता भरें::

Leave a Reply

कृपया आप अपनी टिप्पणी को सिर्फ 500 शब्दों में लिखें