ग्लोबलाइज़ेशन का दौर है, पूरी दुनिया सिमट गई है. जहां भी अच्छा काम मिलेगा, मैं करती रहूंगी. फिर मैं तो भारतीय हूं, ऐसे में बॉलीवुड से दूरी बनाकर कैसे रह सकती हूं, यह कहना है तनिष्ठा चटर्जी का. उन्होंने अब तक ज़्यादातर रियलिस्टिक फिल्में की हैं. उनकी आने वाली फिल्में भी कमोबेश ऐसी हैं. उनकी रुचि ऐसी फिल्मों में इसलिए है, क्योंकि ये न केवल आम लोगों से जुड़ी होती हैं, बल्कि इनके दर्शक बुद्धिजीवी होते हैं. ऐसी फिल्मों और इनके किरदारों से उनका जुड़ाव जल्दी हो जाता है. तनिष्ठा बॉलीवुड में दोबारा सक्रिय ज़रूर हो गई हैं, लेकिन यहां भी वह सार्थक और अच्छी फिल्में ही करना चाहती हैं. उन्होंने शौकिया तौर पर एक्टिंग में क़दम रखा है, इसलिए चालू या फॉर्मूला फिल्में करने का उनका कोई इरादा नहीं है. वह जिन फिल्मकारों के साथ काम कर रही हैं, वे सभी खास किस्म की फिल्मों के मास्टर हैं. इसीलिए उनकी फिल्में निर्माण के समय से ही चर्चा में आ जाती हैं. तनिष्ठा के पास बुद्धदेव दासगुप्ता जैसे निर्माता की भी एक फिल्म का ऑफर है. इसके अलावा वह श्याम बेनेगल, मधुर भंडारकर एवं शिमित अमीन जैसे निर्देशकों के साथ काम करना चाहती हैं. इरफान खान, नसीरूद्दीन शाह, विजयराज, सतीश कौशिक एवं नीना गुप्ता आदि के साथ काम कर चुकीं तनिष्ठा बॉलीवुड की कई अच्छी फिल्में कर रही हैं. राजा मेनन की बारह आना, एनएफडीसी की व्हाइट एलीफैंट, सुधीर मिश्रा की साइलेंस फिल्म द सनराइज के अलावा वह देव बेनेगल की भी एक फिल्म कर रही हैं. अनवर जमाल की नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्म स्वराज में बेहतर अभिनय के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस के लिए नॉमिनेट किया गया था. बाद में उन्होंने अपना रुख़ इंटरनेशनल फिल्मों की ओर कर लिया. फिर तो वह कई देशी-विदेशी फिल्मकारों की नज़रों में रातोंरात चढ़ गई. स्वराज के बाद उन्होंने एक शॉर्ट फिल्म बस यूं ही में काम किया. उसी दौरान उन्हें फ्रेंच फिल्म ब्रिक लेन का ऑफर मिला और अनुभव पाने के लिए उन्होंने हामी भर दी. इस फिल्म को काफी सराहना मिली तो कई अन्य फिल्में भी मिलीं. जर्मन फिल्म शैडोज ऑफ लव में उनके साथ इरफान खान भी थे. इसकी अधिकांश शूटिंग कोलकाता में हुई थी. इसी बीच उन्होंने बांग्ला फिल्म बीबोर में भी काम किया. इसके लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड मिला. न्यूयॉर्क बेस्ड डायरेक्टर जोसेफ मैथ्यू की हिंगलिश फिल्म बॉम्बे समर में उनका रोचक किरदार है. चाहे बॉलीवुड को इसकी ख़बर न हो, लेकिन तनिष्ठा पिछले कुछ सालों से काफी व्यस्त हैं. फिलहाल उन्हें समानांतर सिनेमा की महारानी कहा जाने लगा है. 32 वर्षीय तनिष्ठा फिल्मकार जॉन राइट की अगली फिल्म में अंग्रेजी दां कलाकारों के साथ नज़र आएंगी. राइट लियो टालस्टाय के क्लासिक उपन्यास अन्ना करेनिना पर फिल्म बना रहे हैं. तनिष्ठा उसमें एक जिप्सी महिला मासा का किरदार निभाएंगी. वह पहले भारतीय फिल्म रोड मूवी और विदेशी फिल्म ब्रिक लेन में अभिनय कर चुकी हैं, लेकिन यह उनके लिए सबसे बड़ा इंटरनेशनल ब्रेक है. राइट मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर के पति हैं और जाने-माने ब्रिटिश फिल्म निर्देशक. इसके पहले वह प्राइड एंड प्रेज्यूडिस और एटोनमेंट जैसे उपन्यासों पर आधारित फिल्में बना चुके हैं. इंजीनियर पिता और दिल्ली विश्वविद्यालय में राजनीतिशास्त्र की प्राध्यापक मां की पुत्री तनिष्ठा अच्छी गायिका भी हैं. वह टिप्स म्यूज़िक के साथ अपना एलबम भी ला चुकी हैं. उन्होंने हिंदुस्तानी क्लासिकल म्यूज़िक की तालीम ली है.
|
|
|









