जब लोकप्रिय खिलाड़ियों की बात की जाती है तो ज़्यादातर नाम क्रिकेट से सचिन एवं धोनी जैसे धुरंधरों के आते हैं, लेकिन हाल में एक टेलीविज़न चैनल ने लोकप्रिय खिलाड़ी की श्रेणी में मुक्केबाज़ मनोज कुमार को अवॉर्ड देकर सबको चौंका दिया. यह सम्मान हासिल करके मनोज ने लोकप्रियता के मामले में सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह और धोनी को भी पीछे छोड़ दिया. अवॉर्ड जीतने के बाद मनोज ने कहा कि नए साल में उनका लक्ष्य है लंदन ओलंपिक में गोल्ड. खेल के पुरुष वर्ग से कैथल के राजौंद निवासी मनोज कुमार के अलावा सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, राहुल द्रविड़ एवं महेंद्र सिंह धोनी सहित विश्वनाथ आनंद भी इस अवॉर्ड की दौड़ में थे. इस प्रतियोगिता में मनोज को जमकर वोट मिले. मनोज ने सबसे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया था. इसके बाद उन्होंने ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया. अवॉर्ड अपने नाम करने के बाद मनोज ने अपने प्रशंसकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि वह लंदन ओलंपिक में पदक जीतकर उन्हें एक और तोहफा देंगे. एक अख़बार ने मनोज के अवॉर्ड के लिए नामांकित होने के बाद से लगातार उनके समर्थन में वोट जुटाने की मुहिम चलाई थी, जिसमें हरियाणावासियों की ओर से मनोज को अधिक से अधिक वोट देने की अपील की गई थी. मनोज के जीतने की ख़बर मिलते ही उनके घर में जश्न का माहौल हो गया. भाई राजेश ने कहा कि मनोज ने पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है. उन्हें उन पर गर्व है. मनोज के पिता शेर सिंह एवं माता कमला देवी ने इस जीत पर ख़ुशी जताई.
|
|
|









